मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा में अलर्ट, भोपाल में स्कूलों की छुट्टी, जानें मौसम का हाल
देश के कई राज्यों में मानसून एक बार फिर मेहरबान है। ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, हरियाणा, समेत कई राज्यों में झमाझम बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने मंगलवार को भी कई राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में लगातार वर्षा के कारण स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली एनसीआर में भी आज बारिश की संभावना है। वहीं, गुजरात व ओडिशा में आज कई जिलों में भारी बारिश के आसार को देखते आज अलर्ट जारी किया गया है। भोपाल के कलेक्टर ने जिले में लगातार हो रही अतिवृष्टि को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए सभी सरकारी, निजी, नवोदय और सीबीएसई स्कूलों में आज विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित किया।
बंगाल की खाड़ी पर बने निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण ताजा बारिश का दौर जारी है। इस कारण आसपास के राज्यों में कहीं भारी तो कहीं मध्यम वर्षा हो रही है। ओडिशा, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, बंगाल में मानसून सक्रिय है। ओडिशा के चार जिलों नबरंगपुर, नौपाड़ा, बोलंगीर और बारघ में भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है।