![](https://www.rakhewaldaily.com/wp-content/uploads/2022/06/rakhewal-233.jpg)
दिल्ली-गुरुग्राम सीमा पर भारी जाम, बिहार में इंटरनेट बंद
केंद्र की ‘अग्निपथ’ सैन्य भर्ती योजना के विरोध में हो रहे प्रदर्शन के बीच कुछ संगठनों ने आज यानी सोमवार (20 जून) को भारत बंद का आह्वान किया है। बंद की सूचना के मिलने के बाद सरकार भी सतर्क हो गई है। रेलवे सुरक्षा बल(RPF) और सरकारी रेलवे पुलिस(GRP) को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है।
भारत बंद और कांग्रेस के प्रदर्शन के चलते गुरुग्राम व अक्षरधाम के आसपास भीषण जाम लग गया है। वाहनों की लंबी कतारें सड़क पर हैं। कई किलोमीटर तक वाहन ही वाहन नजर आ रहे हैं। जाम के चलते लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दफ्तर के लिए निकले लोग भी जाम में फंस गए हैं।
भारत बंद के चलते बिहार के 20 जिलों में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। इसके अलावा सीएम नीतीश कुमार ने आज का जनता दरबार भी रद्द कर दिया है। अग्निपथ योजना का सबसे ज्यादा विरोध बिहार में ही हुआ था। इसी राज्य में सबसे ज्यादा हिंसक प्रदर्शन हुआ था।
पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में भारत बंद का असर नहीं दिखाई दिया। यहां जनजीवन सामान्य है। सभी स्कूल, कार्यालय खुले हैं। हालांकि, बंद के आह्वान के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं।