भारत में कोरोना मृतकों की संख्या एक लाख पार, 204 दिनों में ऐसे बढ़ा आंकड़ा

राष्ट्रीय समाचार

भारत में कोरोना वायरस से होने वाली मौतों की संख्या शुक्रवार को 1 लाख के पार पहुंच गई। यह एक ऐसा आंकड़ा है, जिसे कोई भी देश हासिल नहीं करना चाहेगा। भारत में सात महीने पहले कोरोना का पहला केस सामने आया था, इसके बाद आज हम दुनिया में संक्रमित मरीजों की संख्या के लिहाज से दूसरे स्थान पर खड़े हैं।

कोरोना मृतकों की संख्या को एक लाख पार करने वाला भारत तीसरा देश बन गया है। भारत से आगे अमेरिका (2,12,000 मौतें) और ब्राजील (1,44,000 मौतें) हैं। हालांकि, इन देशों के मुकाबले भारत में कोरोना से होने वाली मृत्यु दर काफी कम है। भारत में ‘वायरस मामला मृत्यु दर’ (सीएफआर) 1.56 फीसदी है, जो वैश्विक औसत (2.98 फीसदी) की तुलना में आधा है। वहीं, अमेरिका (2.84 फीसदी) और ब्राजील (2.99 फीसदी) की तुलना में बेहतर है।

सितंबर के पहले सप्ताह के बाद से भारत में हर रोज कोरोना से होने वाली मौतों की संख्या दुनियाभर में सबसे अधिक रही। पिछले कुछ सप्ताह में औसतन 1,065 लोगों ने कोरोना के चलते भारत में अपनी जान गंवाई। वहीं, इस दौरान अमेरिका में यह संख्या 755 और ब्राजील में 713 रही।

भारत कोरोना मृतकों की वैश्विक सूची में योगदान देने वाला सबसे बड़ा देश रहा। पिछले एक हफ्ते में दुनिया में कोरोना से हर पांच में से एक मौत (19 फीसदी) भारत में हुई है। कोविड-19 के कारण भारत में पहली मौत कर्नाटक में 12 मार्च को हुई थी, जिसके बाद मृतकों की संख्या को 1 लाख के पार पहुंचने में 204 दिनों का वक्त लगा।

यदि भारत की मृत्यु को 25,000 मौतों के चार चरणों में विभाजित कर दिया जाता है, तो मृतकों की संख्या का हर चरण पहले वाले की तुलना में कम होता जाता है। कोरोना मृतकों की संख्या को 25,000 होने में 127 दिन (16 जुलाई) लगे। मृतकों की संख्या को 50,000 पहुंचने में 30 दिन (15 अगस्त) लगे। वहीं, भारत में कोरोना मृतकों की संख्या को 75,000 पहुंचने में 25 दिन (9 सितंबर) लगे। दूसरी तरफ, भारत में 1 लाख मृतकों की संख्या मात्र 23 दिन में ही पार हो गई।

शुक्रवार रात तक भारत में कोरोना वायरस से 64.7 लाख लोग संक्रमित हो गए। वहीं, इस दौरान 1,00,896 लोगों की वायरस से मौत हुई। दूसरी तरफ, इस वायरस से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 54.2 लाख हो गई। हालांकि, कोरोना मृतकों की संख्या में इजाफा जारी रहने की संभावना है, क्योंकि देश में हर रोज औसतन 81,431 नए मामले रिपोर्ट किए जा रहे हैं।

देश में सबसे ज्यादा कोरोना मृत्यु दर पंजाब (3 फीसदी) में है, जो दुनिया के 175 देशों से ज्यादा है। वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य महाराष्ट्र में मृत्यु दर में गिरावट देखी जा रही है। सिर्फ पंजाब, महाराष्ट्र और गुजरात में मृत्यु दर 2 फीसदी से अधिक है। इसके अलावा, 18 राज्य ऐसे हैं, जहां मृत्यु दर 2 फीसदी से कम है।


  • Sign up
Lost your password? Please enter your username or email address. You will receive a link to create a new password via email.