![](https://www.rakhewaldaily.com/wp-content/uploads/2022/07/Rakhewal-149.jpg)
महाराष्ट्र-गुजरात में बाढ़ से तबाही जारी, 11 जिलों में रेड अलर्ट
महाराष्ट्र और गुजरात में बारिश और बाढ़ का कहर जारी है। कई जगह भूस्खलन की घटना भी सामने आई है। मौसम विभाग ने मुंबई और पुणे समते महाराष्ट्र के 11 जिलों में 14 जुलाई के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इस बीच गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र भाई पटेल ने नवसारी के अलावा वलसाड़ और डांग जिलों में बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई दौरा किया। राज्य में तीन दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण गोदावरी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है और भद्राचलम में तीसरे चेतावनी स्तर पर पहुंच गया है।
महाराष्ट्र के भंडारा जिले के तुमसर में आज एसडीआरएफ की टीम ने 15 लोगों को बचाया। वे वहां बाढ़ के कारण एक मंदिर में फंस गए थे।
बीएमसी ने मुंबई में बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। बीएमसी(BMC) ने कहा है कि महानगर में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। कभी-कभी तेज हवाएं 45-55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बुधवार को बारिश और बाढ़ से उत्पन्न हालात का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सभी जरूरी सेवाओं को अलर्ट पर रखने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों को किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और प्रभावित लोगों तक समय पर सहायता पहुंचाने का निर्देश दिया। क्षेत्रीय मौसम कार्यालय ने बृहस्पतिवार को भारी बारिश का अनुमान जताया है।
मुंबई और आसपास के इलाकों में बुधवार सुबह से रुक रुक कर हो रही बारिश के कारण निचले इलाकों पानी भर गया। पूरे शहर में सड़कों पर भीषण जाम के कारण जनजीवन प्रभावित रहा। मुंबई की जीवन रेखा कही जाने वाली लोकल ट्रे के अप्रभावित रहने से लोगों को थोड़ी राहत है। हार्बर लाइन पर ट्रेनों की रफ्तार धीमी रही।
मौसम विभाग के मुताबिक 14 तारीख को तेलंगाना और पश्चिमी मध्य प्रदेश में तेज बारिश की संभावना है। वहीं 14 से 17 जुलाई के बीच महाराष्ट्र के विदर्भ में वर्षा होगी। इस बीच छत्तीसगढ़, ओडिशा, कोंकण और गोवा के साथ गुजरात में भी भारी बारिश हो सकती है। गुजरात में अभी बाढ़ से निजात मिलने वाला नहीं है। मौसम विभाग का कहना है कि 14 जुलाई को पंजाब, हिमाचल प्रदेश और हरियाणा में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। वहीं अगले तीन दिनों तक उत्तराखंड में मध्यम से भारी वर्षा के आसार हैं। 15 जुलाई को पश्चमी उत्तर प्रदेश में भी बारिश हो सकती है।