![](https://www.rakhewaldaily.com/wp-content/uploads/2021/11/5fe3e858-b037-4f5e-b923-0d7646c168a3-42.jpg)
दक्षिण भारत में बारिश से अभी नहीं मिलेगी निजात
दक्षिण भारत में लोगों को बारिश से अभी निजात मिलने की संभावना नहीं है। भारतीय मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में मध्यम से भारी वर्षा की भविष्यवाणी की है। तटीय कर्नाटक में तो इस वक्त भी भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में मंगलवार और बुधवार को हल्की से मध्यम बारिश की सभावना जताई है।
आईएमडी ने अगले पांच दिनों के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 24 नवंबर से 26 नवंबर तक भारी बारिश होने का अनुमान जताया है। दक्षिणी राज्यों में लगातार हो रही बारिश के चलते जनजीवन अस्त व्यस्त है। बारिश के चलते बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। राज्यों के नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। बारिश की वजह से कई लोगों की अभी तक मौतें हो चुकी हैं, वहीं सैकड़ों लोग अब भी लापता हैं।